UP: काशी से मथुरा जाएगा बाबा विश्वनाथ का उपहार, लड्डू गोपाल को भेजी गई भेंट सामग्री

वाराणसी: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर काशी और मथुरा के बीच आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम से भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार सामग्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा भेजी गई। बुधवार को मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बाद भेंट सामग्री को भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव को समर्पित कर आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद इसे श्रद्धापूर्वक मथुरा के लिए रवाना किया गया।

यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल वर्ष 2024 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुरू हुई थी। इसी क्रम में रंगभरी एकादशी पर भी काशी और मथुरा के बीच भेंट एवं श्रद्धा संदेशों का आदान-प्रदान किया गया था। मंदिर न्यास के अनुसार, इस परंपरा का उद्देश्य सनातन धर्म के प्रमुख तीर्थों के बीच आध्यात्मिक संवाद और सांस्कृतिक समन्वय को मजबूत करना है।

Also Read: मथुरा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले जन्मभूमि की सुरक्षा पर कसा शिकंजा, अधिकारियों ने परखी व्यवस्था

15 देशों के 100 से अधिक मंदिरों के संदेश

इस वर्ष इस पहल को और व्यापक रूप दिया गया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने संस्थागत नॉलेज पार्टनर टेम्पल कनेक्ट के सहयोग से देश-विदेश के मंदिरों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी एकत्र की हैं। अब तक करीब 15 देशों के 100 से अधिक देवालयों से शुभकामना संदेश प्राप्त हो चुके हैं। इन संदेशों को भी भेंट सामग्री के साथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान न्यास, मथुरा भेजा गया है।

मंदिर न्यास के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम पारंपरिक गरिमा और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ। न्यास ने बताया कि वर्ष 2024 से शुरू हुई इस पहल को देश-विदेश के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं से सराहना मिल रही है।

ALSO READ: Gonda: बिना जानकारी खाते में छह लाख का लोन कर रकम निकालने वाला आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

मथुरा जाएंगे मंदिर के सीईओ

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी स्वयं मथुरा में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान काशी विश्वनाथ धाम और श्रीकृष्ण जन्मस्थान के बीच स्थापित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। मंदिर न्यास ने इस परंपरा को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने का संकल्प जताया है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.