मथुरा: बारिश में खुद मैदान में उतरे नगर आयुक्त, भूतेश्वर अंडरपास से निकलवाया पानी

मथुरा: तेज बारिश के बीच भूतेश्वर रेलवे अंडरपास में जलभराव होते ही नगर आयुक्त ओजस्वी राज स्वयं मौके पर पहुंच गए। पानी में खड़े होकर उन्होंने जल निकासी व्यवस्था की निगरानी की और नगर निगम की टीमों को तत्काल पंपिंग शुरू कराने के निर्देश दिए। करीब दो घंटे तक अंडरपास में आवागमन बाधित रहने के बाद दोपहर 3:20 बजे यातायात दोबारा सुचारू कर दिया गया।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद भूतेश्वर रेलवे अंडरपास में पानी भरने लगा। सूचना मिलते ही नगर आयुक्त ओजस्वी राज मौके पर पहुंचे और जल निकासी कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को तेजी से पानी निकालने के निर्देश दिए। जल निकासी के लिए अंडरपास के सम्पवेल में 50 और 80 एचपी क्षमता के दो पंप लगातार चलाए गए। इसके अलावा नाले में 30 एचपी क्षमता का एक अतिरिक्त पंप लगाकर पानी निकाला गया। नगर आयुक्त ने बारिश के दौरान मौके पर रहकर पंपिंग व्यवस्था और जल निकासी कार्य की लगातार निगरानी की।

आमजन की सुरक्षा के लिए अंडरपास के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दोपहर करीब एक बजे से तीन बजे तक आवागमन रोक दिया गया। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। जलस्तर कम होने के बाद दोपहर 3:20 बजे अंडरपास को यातायात के लिए खोल दिया गया।

Also Read: UP: शिवालिक में तेज बारिश से घाड़ की नदियां उफान पर, कई गांवों का संपर्क कटा

नगर आयुक्त ने नया बस स्टैंड अंडरपास समेत अन्य जलभराव संभावित स्थानों की भी वीडियो कॉल के माध्यम से जानकारी ली। नगर निगम के अनुसार नया बस स्टैंड अंडरपास पर जलभराव की स्थिति नहीं बनी और वहां यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को बारिश के दौरान फील्ड में रहकर जलभराव वाले स्थानों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, पूर्व वर्षों में तेज बारिश के दौरान भूतेश्वर रेलवे अंडरपास में पानी भरने से 10 से 12 घंटे तक यातायात प्रभावित रहता था। भूतेश्वर से मसानी तक नई पाइप लाइन बिछाए जाने के बाद जल निकासी की व्यवस्था में सुधार हुआ है और अब जलभराव की स्थिति में कुछ घंटों के भीतर पानी निकालकर आवागमन सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)