UP: अमेठी में महाराणा प्रताप जयंती पर निकली भव्य शौर्य यात्रा, सैकड़ों लोग हुए शामिल

UP: अमेठी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को अमेठी कस्बे में क्षत्रिय समाज के तत्वावधान में भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। डीजे, बैंड बाजों और जयकारों के बीच निकली इस यात्रा से पूरे कस्बे का माहौल भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।शौर्य यात्रा की शुरुआत अमेठी कस्बे के देवीपाटन मंदिर परिसर से हुई। यहां पर महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को रवाना किया गया।

यात्रा में शामिल लोग हाथों में भगवा ध्वज और बैनर लिए चल रहे थे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा देवीपाटन मंदिर से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों और सगरा तिराहे से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। डीजे पर बज रहे देशभक्ति और वीरता से जुड़े गीतों पर युवा झूमते नजर आए।

Also Read: श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास चला नगर निगम का बुलडोजर, अवैध होर्डिंग-बैनरों पर बड़ी कार्रवाई, दुकानदारों में मचा हड़कंप

यात्रा में शामिल लोगों ने जय श्रीराम, महाराणा प्रताप अमर रहें और भारत माता की जय के नारे लगाए। आयोजकों ने कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिताया और कभी विदेशी सत्ता के सामने सिर नहीं झुकाया। उनका त्याग, साहस और स्वाभिमान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम में अमेठी की पूर्व विधायक गरिमा सिंह के पुत्र अनंत विक्रम सिंह, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष महेश सोनी, अनुज सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। वहीं शौर्य यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया।

Also Read: बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर पर कोर्ट का बड़ा फैसला, अब प्रशासन के हाथ में होगी कमान, सिटी मजिस्ट्रेट बने रिसीवर

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी लगातार यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते रहे और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)