UP: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर-3 मुगलचक में मंगलवार दोपहर एक बाउंड्री के भीतर अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में बाउंड्री के अंदर उगी सूखी सरपत और झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
एक बीघा क्षेत्र में फैली थी बाउंड्री
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग सरदार रणजीत सिंह की करीब एक बीघा भूमि से घिरी बाउंड्री में लगी थी, जिसे क्षेत्र में ‘रवि प्लाई की बाउंड्री’ के नाम से भी जाना जाता है। अचानक आग भड़कने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दमकल कर्मियों को करना पड़ा कड़ी मशक्कत
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बाउंड्री के भीतर बड़ी मात्रा में सूखी झाड़ियां और सरपत मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तीन घंटे बाद आग पर पाया गया पूरी तरह नियंत्रण
करीब तीन घंटे तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद दमकल विभाग ने कड़ी मेहनत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के मकानों और अन्य संपत्तियों को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
Also Read: Delhi Fire Case: दिल्ली के लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग का कहर, 20 लोगों की मौत
कोई जनहानि नहीं, जांच में जुटे अधिकारी
इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग बुझाने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय सहयोग किया। मौके पर रजनीश कुमार राय, महेंद्र प्रसाद, वीरेंद्र कुंवर, राजेंद्र यादव और कृष्णा कुमारी सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।















































