उत्तर प्रदेश : नाबालिग अपहृता सकुशल बरामद, पुलिस ने आरोपी सोनू को दबोचा; भेजा गया जेल

फतेहपुर : पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चांदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है पुलिस ने एक नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

जानकारी के अनुसार थाना चांदपुर में दर्ज मु0अ0सं0 83/2026 धारा 137(2)/87 बीएनएस से संबंधित मामले में पुलिस लगातार अभियुक्त की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 8 जून 2026 को थाना चांदपुर पुलिस ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया तथा मामले में वांछित अभियुक्त रामसरण उर्फ सोनू पुत्र रामबाबू सविता, निवासी बड़िगवां थाना चांदपुर जनपद फतेहपुर, उम्र लगभग 23 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

Also Read: लखनऊ के PGI से युवती गायब! इरशाद अली पर युवती को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने और सीरिया ले जाने का आरोप

गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए मंगलवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा चोरी एवं माल बरामदगी से संबंधित मामले दर्ज हैं। वर्तमान में नाबालिग अपहरण के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने में थाना चांदपुर के उपनिरीक्षक अविनाश कुमार एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)