गोण्डा: संपत्ति हड़पने की नीयत से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अधिकार हासिल करने के प्रयास के मामले में कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुकदमे में नामजद आरोपी वेद प्रकाश श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय रवाना कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में वादी साधना सिन्हा पत्नी ओमप्रकाश ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सावित्री देवी की संपत्ति को हड़पने की नीयत से विपक्षीगणों द्वारा कूटरचित मृत्यु प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज तैयार कराए गए।
इन दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति संबंधी अधिकार प्राप्त करने का प्रयास किए जाने की शिकायत की गई थी प्रकरण की विवेचना के दौरान वेद प्रकाश श्रीवास्तव पुत्र शिव शंकर लाल श्रीवास्तव निवासी नाथ नगर बड़गांव, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही थी।
Also Read: UP: दो साल से मायके में रह रही थी पत्नी, परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम
शनिवार 29 अगस्त को उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर आरोपी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित नामजद आरोपी चिंटू बाबा मंदिर, साहबगंज के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 0665/2026 के तहत बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 351(3) में कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह और कांस्टेबल हरकेश कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई से संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के मामलों में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी है।



















































