UP: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, 2 महीने से पुलिस को दे रहा था चकमा

UP: सहारनपुर के थाना कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिजनौर जिले के थाना चांदपुर क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फरपुर खादर निवासी शंकर पुत्र लाखन सिंह के रूप में हुई है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 2 मई को पीड़िता के परिजनों ने थाना कोतवाली देहात में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

Also Read: इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत! प्रेमी ने मुंह दबाकर की प्रेमिका की हत्या, दिल्ली से हुई गिरफ्तारी

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय और प्रभारी निरीक्षक ह्रदय नारायण सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को टपरी अंडरपास के पास मिनी बाईपास क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय में पेश करने की तैयारी

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच भी नियमानुसार जारी है।

Also Read: ओवरटाइम शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली! UP के इस जिले में लाइनमैनों पर लगे गंभीर आरोप

महिला एवं बाल अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी

पुलिस ने इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी के साथ नरमी नहीं बरती जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)