गोण्डा: बालूगंज निवासी नवीन गुप्ता ने टीजीटी परीक्षा उत्तीर्ण कर उसी कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में शिक्षक पद पर नियुक्ति हासिल की है, जहां उन्होंने कभी विद्यार्थी के रूप में शिक्षा ग्रहण की थी। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों, पुराने साथियों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
नवीन के पिता नंद किशोर गुप्ता इसी कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में वरिष्ठ बाबू के पद पर कार्यरत हैं। पुत्र की नियुक्ति की प्रक्रिया स्वयं पिता द्वारा पूरी किया जाना उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। जिस विद्यालय में पिता वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, उसी विद्यालय में बेटे का शिक्षक बनकर लौटना परिवार के लिए खास उपलब्धि है। नवीन बचपन से ही इसी विद्यालय में शिक्षक बनने का सपना देखते थे।
Also Read: UP: चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
उन्होंने संकल्प लाइब्रेरी में नियमित और गहन अध्ययन करते हुए अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाया। कठिन परिश्रम के परिणामस्वरूप उन्होंने टीजीटी परीक्षा में सफलता हासिल की। नवीन इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। उनकी उपलब्धियों में NDA, JRF, LT ग्रेड तथा KVS में PGT जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
नवीन की उपलब्धि की खास बात उनके परिवार की तीन पीढ़ियों का इसी विद्यालय से जुड़ाव होना है। उनके बाबा कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता रहे, जबकि छोटे बाबा गणित विषय के प्रवक्ता के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। अब नवीन का इसी विद्यालय में शिक्षक बनना परिवार और संस्थान के पुराने रिश्ते को नई पीढ़ी तक पहुंचाता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजाराम ने नवीन का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नवीन के पुराने साथी राजकुमार, अंकित, महेश पांडेय, दीपक, बबलू और शैलेन्द्र ने मिठाई बांटकर उनकी सफलता पर खुशी जताई और आगे भी सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। संकल्प लाइब्रेरी की ओर से भी नवीन को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। नवीन की सफलता मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायी मिसाल बनी है।














