रायबरेली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित आगमन को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से जगह-जगह पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव के स्वागत के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह भी नजर आ रहा है।
हनुमान जी के आशीर्वाद के साथ ‘विजयी भव 2027’
इन पोस्टरों में सपा नेता बृजेश राजा की ओर से लगवाया गया एक पोस्टर खासा चर्चा में है। इसमें अखिलेश यादव की तस्वीर के ऊपर भगवान हनुमान को आशीर्वाद की मुद्रा में दर्शाया गया है। पोस्टर के जरिए अखिलेश यादव के लिए धार्मिक प्रतीक के माध्यम से समर्थन का संदेश देने की कोशिश की गई है। पोस्टर पर प्रमुखता से ‘विजयी भव 2027’ लिखा गया है, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
Also Read: ‘जो कृष्ण का नहीं हुआ, वो किसी का नहीं हो सकता…’, अखिलेश यादव पर ब्रजेश पाठक का तीखा हमला
अखिलेश को ‘माधव’, खुद को ‘सुदामा’ बताया
वहीं, सपा के प्रदेश सचिव (युवजन सभा) विश्वास दुबे की ओर से लगाया गया एक अन्य पोस्टर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के ‘माधव’ स्वरूप में पेश किया गया है, जबकि पोस्टर में खुद को उनका सखा ‘सुदामा’ बताया गया है। इसके साथ ही अखिलेश यादव के स्वागत के लिए भावनात्मक संदेश भी लिखा गया है।
पोस्टर पर लिखा- ‘मेरे माधव…’
विश्वास दुबे के पोस्टर पर लिखा है, ‘मेरे माधव! आपका सुदामा की धरती रायबरेली में स्वागत है… PDA महानायक!’ इस पोस्टर के जरिए अखिलेश यादव और रायबरेली के बीच राजनीतिक जुड़ाव को एक अलग अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। सोशल मीडिया और स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं में भी इन पोस्टरों की चर्चा देखने को मिल रही है।
2027 के चुनाव को लेकर अभी से दिखने लगा उत्साह
अखिलेश यादव के रायबरेली दौरे के बीच सामने आए इन पोस्टरों ने सपा कार्यकर्ताओं की चुनावी तैयारियों और राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। शहर के कई हिस्सों में लगे अलग-अलग पोस्टरों में पार्टी नेताओं ने अपने-अपने अंदाज में सपा अध्यक्ष के स्वागत का संदेश दिया है। ऐसे में अखिलेश के दौरे के साथ-साथ पोस्टर भी स्थानीय सियासत के केंद्र में बने हुए हैं।














