चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर स्थित शक्ति घाट पुलिस चौकी के अंतर्गत गुरुवार को गंगा नदी के किनारे पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही शक्ति घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार, बरामद शव की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को चंदौली स्थित मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है। साथ ही लापता व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी की जा रही है, ताकि शव की शिनाख्त हो सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति लापता है और उसका हुलिया बरामद शव से मिलता-जुलता है, तो मुगलसराय कोतवाली पुलिस से संपर्क करें।पुलिस शव की पहचान कराने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।














