UP: मिर्ज़ापुर जिले में रास्ते की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। कुछ मिनटों की दूरी घंटों में पूरी करने से आजिज आकर ग्रामीणों ने अब प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी दे दी है। जिले के राजगढ़ विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर-38 में रेलवे पटरी से होकर आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी मड़िहान को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि समस्या का समाधान नहीं होने पर 9 अक्टूबर 2026 से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन के कारण आवागमन बाधित होने से उन्हें बाजार, अस्पताल, विद्यालय सहित अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने मांग की कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के स्तर से मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। अन्यथा वह भूख हड़ताल शुरू करने के लिए विवश होंगे।














