बांदा: अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम इतरा खुर्द के बाहर बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब गांव के बाहर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला।घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार की सुबह राहगीरों ने गांव के बाहर एक युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत थाना अतर्रा पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।उसके पास से कोई मोबाइल,पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके।फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है और आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है।
प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।फिलहाल अज्ञात में पंचनामा भरकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































