Home UP News बलिया: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री...

बलिया: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

बलिया: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को बलिया में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र नेता प्रवीण सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में छात्र टीडी कॉलेज चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

पुतला दहन को लेकर पुलिस और छात्रों में टकराव

प्रदर्शन के दौरान छात्र शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला जलाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। इसे लेकर छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और खींचतान हुई। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ प्रदर्शनकारी जमीन पर गिर पड़े। बाद में पुलिस ने पुतला जब्त कर नष्ट कर दिया।

Also Read: CJP प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज से भड़का विपक्ष , अखिलेश बोले- ये सरकार नहीं, अहंकार है

चक्का जाम की कोशिश, छात्र नेता हिरासत में

पुतला दहन रोकने से नाराज छात्रों ने टीडी कॉलेज चौराहे पर चक्का जाम करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। इसी दौरान पुलिस ने छात्र नेता प्रवीण सिंह को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान भी छात्र केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारे लगाते रहे।

हिरासत के बाद भी जारी रहा विरोध प्रदर्शन

प्रवीण सिंह को हिरासत में लिए जाने के बावजूद अन्य छात्र मौके पर डटे रहे और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित घटना के विरोध में उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। कुछ समय तक टीडी कॉलेज चौराहे पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

Also Read: जयपुर में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके पर हमला, प्रदर्शन के दौरान युवकों ने जड़े थप्पड़ ही थप्पड़

प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

पुलिस हिरासत में छात्र नेता प्रवीण सिंह ने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि, दिल्ली में कथित लाठीचार्ज और बलिया में हुए घटनाक्रम को लेकर संबंधित प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)