UP: गोण्डा के कर्नलगंज ग्राम पंचायत सकरौरा ग्रामीण के मजरा बैरागी पुरवा स्थित जय मां महाकाली सेवा समिति मंदिर प्रांगण में वर्षों पुरानी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव इस वर्ष भी बड़े ही धूमधाम, उल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, आकर्षक रोशनी और फूलों से बेहद सुंदर ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा मंदिर परिसर आकर्षण का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे शाम होती गई, भक्तों की संख्या बढ़ती गई और देर रात तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जन्मोत्सव के अवसर पर दही-हांडी फोड़ने का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान श्रीकृष्ण को विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके बाद केक काटकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।मंदिर परिसर में बड़े पर्दे पर धार्मिक चलचित्रों का प्रदर्शन भी किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों और भगवान के दर्शन का आनंद लेने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
भजन-कीर्तन और श्रीकृष्ण के जयकारों से देर रात तक पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।आयोजन में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। श्रद्धालुओं में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजन समिति की ओर से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































