UP: रायबरेली में बोले मुख्यमंत्री- ऊंचाहार के लोग सौभाग्यशाली, जिन्हें मिला विकास और विरासत को बढ़ाने वाला विधायक

UP: रायबरेली ऊंचाहार स्थित चड़रई टोल प्लाजा के पास चल रही संगीतमय शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंच पर प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी महाराज श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की महिमा और भगवान भोलेनाथ की भक्ति का रसपान करा रहे हैं।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कथा आयोजक एवं कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने बुके, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र निर्माण पर विचार व्यक्त किए।

Also Read: UP: CM योगी ने शुरू की ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’, 12 लाख शिक्षकों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने धर्म को कभी केवल पूजा-पद्धति या कर्मकांड तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे समाज की जीवन शक्ति के रूप में स्वीकार किया है। उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि अतीत में राजनीतिक कमजोरियों और आपसी फूट के कारण ही इस देश को विदेशी आक्रांताओं का सामना करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

​मुख्यमंत्री ने मध्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा, “उस कालखंड में जब सनातन धर्म पर चारों ओर से प्रहार हो रहे थे, तब संत तुलसीदास जी ने रामकथा के माध्यम से समाज को एक सूत्र में पिरोने और सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पंडित प्रदीप मिश्रा जी द्वारा की जा रही शिव कथा जैसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं।

Also Read: गीडा सेक्टर नौ में 5.249 एकड़ में बनेगा हॉस्पिटल, रियायती दर पर जमीन आवंटन को योगी कैबिनेट से मिली मंजूरी

​ऊंचाहार की जनता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के लोग बेहद सौभाग्यशाली हैं, जिन्होंने मनोज पांडे के रूप में ऐसा विधायक चुना है जो विरासत और विकास की यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ प्रदेश के चौमुखी विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा जी के मुखारविंद से शिव महापुराण का बखान सुन श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )