चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रवि नगर, बेचूपुर स्थित एक जर्जर मकान का मेन गेट की कुंडी तोड़कर चोर करीब 80 हजार से एक लाख रुपये कीमत का सामान उठा ले गए। चोरों ने मकान की बिजली आपूर्ति बाधित करने के लिए मीटर से अंदर जाने वाली मेन लाइन का तार भी काट दिया। घटना की जानकारी मकान मालिक को सोमवार सुबह मौके पर पहुंचने पर हुई। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देने के बाद कोतवाली मुगलसराय में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
रवि नगर निवासी दीपक कुमार सिन्हा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मकान संख्या-260 काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। इसके चलते वह वर्तमान में दूसरे मकान में रहते हैं। पुराने मकान के पुनर्निर्माण के लिए उन्होंने वहां स्टेनलेस स्टील की रेलिंग बनवाकर रखी थी। साथ ही घर में स्टील के बर्तन, गैस चूल्हा, सिलेंडर और अन्य सामान रखा था।
दीपक के मुताबिक, सोमवार सुबह मकान पर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। अंदर जाकर देखा तो सामान गायब था। चोर स्टील की रेलिंग, बर्तन, गैस चूल्हा, सिलेंडर, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। स्टील का पलंग मौके पर पड़ा मिला। उन्होंने चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 हजार से एक लाख रुपये बताई है।
पीड़ित ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। इसके बाद लिखित शिकायत कोतवाली में देने के लिए कहा गया। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।














