UP: जौनपुर – रूस से सामने आया एक वीडियो इन दिनों जौनपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में जौनपुर के मछलीशहर क्षेत्र की रहने वाली स्नेहा गुप्ता अपने पति चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी का दावा करते हुए भारत सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। स्नेहा का कहना है कि उनके पति पिछले करीब तीन वर्षों से रूस में रहकर एक भारतीय कंपनी में काम कर रहे हैं और उनके पास वैध वर्क वीजा भी है।
स्नेहा के मुताबिक, स्थानीय पुलिस ने चंदन गुप्ता को किसी स्पष्ट कारण की जानकारी दिए बिना हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। पति की गिरफ्तारी के बाद उनकी वर्तमान स्थिति और मामले की सही जानकारी नहीं मिल पाने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।वायरल वीडियो में स्नेहा ने आशंका जताई है कि उनके पति को जबरन रूसी सेना में भेजा जा सकता है। हालांकि, इस आशंका की अभी किसी आधिकारिक एजेंसी की ओर से पुष्टि नहीं हुई है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि स्नेहा अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ रूस में ही रह रही हैं। पति के हिरासत में जाने के बाद उन्होंने खुद और अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
स्नेहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। परिवार चाहता है कि चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी सामने आए और अगर उन्हें कानूनी सहायता की जरूरत है तो भारतीय दूतावास के माध्यम से मदद उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद यह मामला चर्चा में है, लेकिन चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी के कारणों और उन्हें रूसी सेना में भेजे जाने की आशंका को लेकर आधिकारिक स्थिति का इंतजार है। अब देखना होगा कि भारत सरकार और भारतीय दूतावास इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
















































