UP: गोंडा दौरे पर कल सीएम योगी, विकास परियोजनाओं की प्रगति पर होगी हाई-लेवल समीक्षा बैठक

UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को एक बार फिर गोंडा दौरे पर रहेंगे। महज 13 दिनों के भीतर यह उनका दूसरा गोंडा दौरा होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

दोपहर में समीक्षा बैठक करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सीएम योगी दोपहर 12:20 बजे अयोध्या के मां कामाख्या धाम रूदौली हेलीपैड से रवाना होकर गोंडा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे मंडलायुक्त कार्यालय स्थित महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे, जो दोपहर 12:25 बजे से 2 बजे तक चलेगी।

Also Read: राम मंदिर चंदा विवाद के बीच सीएम योगी का अयोध्या दौरा कल, चंपत राय को कार्यक्रम से दूर रहने के सख्त निर्देश

पुरानी परियोजनाओं की होगी समीक्षा

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री देवीपाटन और बस्ती मंडल में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के तहत चल रहे पुराने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही नई परियोजनाओं और आगामी विकास योजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी

समीक्षा बैठक में दोनों मंडलों के संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे और कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दे सकते हैं।

Also Read: ‘विपक्ष के आंसू सिर्फ माफियाओं के मरने पर बहते हैं, गरीब के नहीं …’, उन्नाव में भड़के सीएम योगी

दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि सभी विभागों को प्रगति रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस जाएंगे और वहां से अयोध्या के लिए रवाना होकर अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)