UP: नहर में डूब रही महिला के लिए ‘देवदूत’ बने आरक्षी कैलाश यादव, जान की परवाह किए बिना पानी में कूदकर बचाई जिंदगी

UP: श्रावस्ती में मल्हीपुर थाना क्षेत्र में नहर में डूब रही एक महिला की जान बचाकर आरक्षी कैलाश यादव ने पुलिस के मानवीय चेहरे और अदम्य साहस की मिसाल पेश की। अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव वाली नहर में छलांग लगाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकालने वाले आरक्षी की पुलिस विभाग में जमकर सराहना हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त को राप्ती योजनक नहर खंड-6 की पुलिया के पास एक अज्ञात महिला ने करीब 15 फीट गहरी नहर में छलांग लगा दी। महिला तेज बहाव में डूबने लगी। मौके पर मौजूद मल्हीपुर थाने के हल्का आरक्षी कैलाश यादव की नजर जब डूबती महिला पर पड़ी तो उन्होंने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी।कैलाश यादव ने मुश्किल हालात में काफी प्रयास के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरक्षी की तत्परता और साहस से महिला की जान बच गई। घटना के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने आरक्षी के इस मानवीय कार्य की सराहना की।

Also Read: ‘प्रशिक्षु से SVPNPA निदेशक तक…’, 1994 बैच के IPS सुजीत पांडे का प्रेरणादायक सफर

आरक्षी कैलाश यादव के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता की भावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बुधवार को उन्हें प्रशस्ति पत्र और ₹5,000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।एसपी राहुल भाटी ने कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि मुश्किल समय में लोगों की जान और सुरक्षा की रक्षा करना भी है। आरक्षी कैलाश यादव ने अपनी जान की परवाह किए बिना जिस तरह महिला की जिंदगी बचाई, वह पुलिस सेवा भावना और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। आरक्षी कैलाश यादव के इस साहसिक कदम की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है और लोग उनकी बहादुरी को सलाम कर रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)