रायबरेली: सरेनी थाना क्षेत्र के बेनी माधवगंज गांव में सोमवार सुबह संविदा लाइनमैन हरिकेश का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर कमरे में पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव चादर के सहारे लटका हुआ था। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात खाना खाने के बाद हरिकेश कमरे में सोने चला गया था। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह हाथ डालकर दरवाजा खोला गया तो अंदर हरिकेश का शव पंखे से चादर के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
पुलिस को सूचना देने से पहले शव उतारा
परिजनों ने पुलिस को सूचना देने से पहले ही आनन-फानन शव को नीचे उतार लिया। उनका कहना है कि तब तक हरिकेश की मौत हो चुकी थी। घटना के समय उसका छोटा बेटा दूसरी मंजिल पर, पिता अमृत लाल बरामदे में तथा पत्नी शालू और बड़ा बेटा घर के अंदर सो रहे थे।
हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।














