बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में गड़वार थाना पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. वह दुबहड़ थाने में दर्ज लूट के एक बड़े मामले और आर्म्स एक्ट के तहत वांछित चल रहा था.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार की सुबह पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि एक सन्दिग्ध व्यक्ति मोटर साइकिल से जोगापुर के रास्ते नहर के किनारे से होते हुए रतसड गड़वार मार्ग की तरफ आ रहा है. सूचना यह भी थी कि बदमाश के पास अवैध असलहा है और वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना मिलते ही गड़वार थाना पुलिस ने घेराबंदी की और सुबह जोगापुर गांव के पास से अभियुक्त को धर दबोचा.
Also Read: UP: रायबरेली में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
पकड़ा गया अभियुक्त मनू राम उम्र 38 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय उग्रह राम, ग्राम गजरी शिवपुर दीयर, थाना कोतवाली जनपद बलिया का निवासी है. पुलिस ने तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अवैध असलहा 315 बोर का, एक जिंदा कारतूस और लूट के 2100 रुपये बरामद किया है.
अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज है. वह थाना दुबहड़ में बी एन एस की धारा 309(4), 61(2), 115(2), 351(3), 317(2) में फरार चल रहा था. वहीं अब गड़वार थाने में उसके खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट का नया मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.



