बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में थाना बांसडीह पुलिस ने एक नाबालिक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी को पुलिस ने उसके घर से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह भागने की फिराक में था.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 जून की है. पीड़ित के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही एक युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला – फुसलाकर बुलाया और उसके साथ जबरजस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बीएनएस की धारा 65(1)/352/351(3) और 3/4(2) पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बांसडीह के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने एक टीम गठित की. पुलिस की तत्परता का नतीजा यह रहा कि घटना के अगले ही दिन यानी 27 जून की सुबह पुलिस ने आरोपी संजीत कुमार राजभर उर्फ गोलू पुत्र राजकुमार राजभर निवासी केवटलिया चौबे थाना बांसडीह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की और उसे संबंधित न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पाक्सो और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































