UP: बरेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज के पुराने और जर्जर भवन को बदलकर नया भवन बनवाने की मांग को लेकर मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दिया गया। समाजसेवी विशाल कुमार निवासी मनकरा ने जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को पत्र सौंपकर अस्पताल के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के निर्माण की मांग उठाई।
प्रार्थना पत्र में कहा गया कि सीएचसी मीरगंज का वर्तमान भवन करीब 30 से 35 वर्ष पुराना है। समय बीतने के साथ भवन की स्थिति खराब हो चुकी है। वहीं, क्षेत्र की आबादी बढ़ने के साथ अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। तहसील स्तरीय रेफरल यूनिट होने के कारण आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मरीज यहां पहुंचते हैं।
अस्पताल परिसर में जगह सीमित होने के कारण ओपीडी और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान मरीजों एवं तीमारदारों की भीड़ लगी रहती है। इससे लोगों को बैठने, जांच कराने और उपचार के लिए इंतजार करने में परेशानी होती है। भीड़ अधिक होने से स्वास्थ्यकर्मियों को भी व्यवस्थाएं संभालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी ने अधिकारियों से जनहित में मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएचसी के लिए पर्याप्त जगह वाले नए भवन का प्रस्ताव तैयार कर निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की। उनका कहना है कि आधुनिक भवन बनने से मरीजों को बेहतर वातावरण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और चिकित्सकीय व्यवस्थाएं भी अधिक सुचारु हो सकेंगी। क्षेत्रवासियों ने भी मांग का समर्थन करते हुए जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।


















































