सहारनपुर: डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में मंगलवार को बागपत जिले की बड़ौत और खेकड़ा तहसील के युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में दमखम दिखाया। दोनों तहसीलों से कुल 970 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। इनमें से 670 अभ्यर्थियों ने पहली शारीरिक परीक्षा यानी दौड़ सफलतापूर्वक पास कर ली।
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शारीरिक माप, बीम, पुशअप सहित अन्य शारीरिक मानकों की परीक्षा से गुजरना पड़ा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और चिकित्सा जांच की जाएगी। भर्ती मैदान में युवाओं में भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा करने का जोश और उत्साह देखने को मिला।
भर्ती में शामिल होने के लिए बागपत जिले के अभ्यर्थी सोमवार देर रात से ही सहारनपुर पहुंचने लगे थे। अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम के अलावा रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई।
Also Read: बलिया: सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, सभी बीडीओ का वेतन रोका
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को बागपत तहसील के साथ बिजनौर जिले की नगीना और चांदपुर तहसील के युवा अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होंगे। भर्ती अधिकारियों द्वारा पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार कराई जा रही है।
89 हजार युवाओं ने दी थी ऑनलाइन परीक्षा
एआरओ मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के करीब 89 हजार युवाओं ने ऑनलाइन लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया था। इनमें से 28,100 अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए किया गया है। प्रतिदिन करीब 1,200 अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा कराई जा रही है।सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली 9 सितंबर तक चलेगी। वहीं सहारनपुर जिले के सामान्य ड्यूटी के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा 1 सितंबर को आयोजित की जाएगी। भर्ती को लेकर स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।


















































