UP: गल्ला मंडी में कूड़ा डालने को लेकर विवाद, ईंट से सिर पर हमला करने का आरोप

UP: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। गल्ला मंडी क्षेत्र में रविवार को कूड़ा-कचरा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी और गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक व्यक्ति के सिर पर ईंट से हमला किए जाने का आरोप है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गल्ला मंडी निवासी दीपक जायसवाल (45) ने आरोप लगाया कि उनके सामने कूड़ा गिराया जा रहा था। विरोध करने पर कृष्णकांत जायसवाल और लकी जायसवाल से कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर ईंट से उसके सिर पर कई बार वार कर दिया। दीपक के मुताबिक, उसने दोनों से ईंट से हमला नहीं करने की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं मानी। हमले में उसके सिर से काफी खून निकलने लगा और उसे चक्कर आने लगे।

Also Read: UGC-NET Exam रद्द होने पर अखिलेश यादव बोले- BJP राज में जमकर धांधली कर रहे पेपर माफिया, ये देश के खिलाफ बड़ी साजिश

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। उसने आरोप लगाया कि लकी जायसवाल कैंची लेकर उसे धमकाता है और जान से मारने की धमकी भी देता है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।घटना में दूसरे पक्ष के रूप में गल्ला मंडी निवासी लकी जायसवाल (29) और कृष्णकांत जायसवाल (33) का नाम सामने आया है।

Also Read: मथुरा: 32 फीट के स्वर्ण-रजत हिंडोले में झूले बांकेबिहारी मंदिर, जयकारों से गूंजा मंदिर

राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि गल्ला मंडी क्षेत्र से मारपीट के बाद दो अलग-अलग पक्ष अस्पताल पहुंचे थे। एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से एक व्यक्ति आया था। कुछ लोगों के सिर पर चोट के निशान पाए गए। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया और आगे की जांच एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। घायल को उपचार के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)