जौनपुर: नागपंचमी पर्व के अवसर पर 17 अगस्त 2026 को हनुमान घाट से बाबा श्री जोगेश्वर नाथ मंदिर, आलमगंज तक दण्डवत यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, जाम मुक्त और दुर्घटनारहित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश पर विशेष प्रतिबंध लगाया है।
यातायात व्यवस्था के तहत 17 अगस्त को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक जौनपुर शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले गैस, डीजल, पेट्रोल तथा मेडिकल सेवाओं से संबंधित वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक के लिए प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बड़ी मस्जिद तिराहा, अशोक टाकीज तिराहा, सुतहट्टी तिराहा, ओलन्दगंज चौराहा, अटाला तिराहा, शाहगंज पड़ाव और शकरमंडी तिराहा से शहर क्षेत्र की ओर आने वाले भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में शहर क्षेत्र में भारी वाहन लेकर प्रवेश न करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यह व्यवस्था दण्डवत यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा शहर में यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)




















































