UP: पंचायत भवन पर विवाद, सामान प्रधान के घर में, ग्रामीण बोले, सुविधाओं के लिए लगा रहे ब्लॉक के चक्कर

इटावा: ग्रामीणों को पंचायत की सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध कराने की सरकारी कवायद महेवा क्षेत्र में सवालों के घेरे में है। दिलीप नगर ग्राम पंचायत के बिरहाई गांव में पंचायत भवन की जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है। भवन का संचालन नहीं होने से पंचायत का कंप्यूटर, प्रिंटर, कुर्सियां, अलमारी समेत अन्य सामान ग्राम प्रधान के घर में रखे होने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों के अनुसार पूर्व प्रधान अनिल कुमार के कार्यकाल में बिरहाई में पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था। भवन की जमीन को लेकर विवाद होने के कारण लंबे समय से इसका संचालन प्रभावित बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सहायक के बैठने की व्यवस्था नहीं होने और कंप्यूटर, वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से उन्हें जरूरी कामों के लिए ब्लॉक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

Also Read: Saharanpur में बैनर लेकर SSP से मिलने पहुंचा बुजुर्ग, लिखा- ‘मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी है’

इसी पंचायत क्षेत्र में सरकारी स्कूल के पास बनाए गए दो सामुदायिक शौचालयों की स्थिति भी खराब बताई गई। दोनों पर ताले लगे मिले। एक शौचालय का फर्श और गड्ढा धंसने की स्थिति में है। आसपास गंदगी और पशु बांधे जाने की बात ग्रामीणों ने बताई। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण शौचालय उपयोग के लायक नहीं रह गए हैं।

ALSO READ: अंतरिम राहत मिली तो विवेचक के सामने पहुंचे आरोपी हेड मुहर्रिर राधेश्याम 

मामले को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय की स्थिति की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन खर्च होने के बाद भी यदि ग्रामीणों को सुविधाओं के लिए ब्लॉक कार्यालय जाना पड़े तो मिनी सचिवालय बनाने का उद्देश्य ही सवालों में आ जाता है।

खंड विकास अधिकारी महेवा बृज बिहारी त्रिपाठी ने बताया कि दिलीप नगर ग्राम पंचायत में पंचायत भवन का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और जल्द निर्माण कराया जाएगा। सामुदायिक शौचालय के संबंध में सचिव से बात कर साफ-सफाई कराने और उसे जल्द खुलवाने की बात कही गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)