चंदौली: पड़ाव चौराहे पर रात के समय पसरा अंधेरा और सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। मंगलवार तड़के करीब 3 से 4 बजे डीडीयू नगर से वाराणसी की ओर जा रही तेज रफ्तार कार सड़क पर अचानक आए आवारा पशु से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक को हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि हादसा बड़ा रूप नहीं ले सका।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पड़ाव चौराहा कई जिलों और राज्यों को जोड़ने वाला बेहद व्यस्त मार्ग है। यहां से दिन-रात हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। वाराणसी के अलावा मिर्जापुर, चंदौली होते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी यह महत्वपूर्ण मार्ग है।
Also Read: आजमगढ़ में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार का था इनाम
लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान चौराहे के तीनों छोर पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन इनमें कई लाइटें करीब एक साल से बंद हैं। रात में सिक्सलेन मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक पशु सामने आने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने की ठोस व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अंधेरा और आवारा पशुओं का यह दोहरा खतरा किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। सवाल है कि जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार क्यों कर रहे हैं?



















































