UP: शराब दुकानों की ओवररेटिंग पर भड़के किसान, मंडल आयुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन

मुरादाबाद: देशी शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (संविधान) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष ठाकुर मंजु राठौर के नेतृत्व में मंडल आयुक्त कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मंडल आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर देशी शराब पर ओवररेटिंग बंद कराने, मंदिरों और शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित शराब की दुकानों को हटाने तथा निर्धारित समय से पहले और बाद में शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

Also Read: UP: हिंदू युवा वाहिनी का कार्यक्रम रद्द होने पर वाराणसी में तनाव, राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- जाएंगे कोर्ट

संगठन ने देशी शराब की कैंटीनों में सामान को अधिक कीमत पर बेचने और अंग्रेजी शराब की दुकानों के बाहर संचालित खुली कैंटीनों को बंद कराने की भी मांग उठाई। इसके साथ ही शराब की दुकानों के बाहर लगने वाले मीट-मुर्गे के ठेले हटवाने और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

Also Read: सुल्तानपुर: यूजीसी, एससी-एसटी एक्ट और जातिगत आरक्षण के विरोध में गरजे सवर्ण, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

भारतीय किसान यूनियन (संविधान) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने कहा कि 4 अगस्त और 1 सितंबर को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मंडल आयुक्त कार्यालय पर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

इस दौरान डॉ. असलम पाशा, आंचल कश्यप, अनिल तोमर, अजय सैनी, रामोतार सागर, वीर बहादुर कश्यप, राजेश कश्यप, संदीप कश्यप और अर्जुन सैनी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)