UP: मंदिर जा रही महिला से कुंडल लूट का खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

बरेली: बारादरी थाना क्षेत्र में मंदिर जा रही महिला से कुंडल लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मंगलवार तड़के भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए कुंडल, तमंचे और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

संजय नगर निवासी पूनम ने 13 सितंबर को बारादरी थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि नौ सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपनी बेटी और पड़ोसियों के साथ मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर जा रही थीं। मॉडल टाउन गेट के पास पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कुंडल छीन लिए। इसके बाद आरोपी आगे बाइक पर बैठे अपने साथी के साथ फरार हो गया।

Also Read: UP: रायबरेली एम्स में शुरू हुई गैस्ट्रो OPD, पेट और लिवर के मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा बाहर

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार तड़के भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अजय मिश्रा के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने अजय मिश्रा के अलावा पिंटू मिश्रा और तरुण उर्फ आकाश निवासी नई बस्ती, फतेहगंज पूर्वी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो छीने गए कुंडल, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)