UP: पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार, तीन किशोरों की मौत से मचा कोहराम

आजमगढ़: फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की भोर करीब चार बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय कार में कुल नौ लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान फूलपुर कस्बा निवासी निखिल मद्धेशिया (17) पुत्र रामफेर, लकी सोनकर (16) पुत्र अनिल सोनकर तथा सत्यम मोदनवाल (17) पुत्र नाटे के रूप में हुई है।

Also Read: आजमगढ़ में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार का था इनाम

हादसे में सक्षम बरनवाल (17) पुत्र त्रिभुवन बरनवाल और अंश सोनकर (16) पुत्र लालचंद सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। वहीं कार में सवार चार अन्य लोग भी घायल हुए, जिन्हें मामूली चोटें आईं। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने तीनों किशोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Also Read: UP: रायबरेली एम्स में शुरू हुई गैस्ट्रो OPD, पेट और लिवर के मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा बाहर

फूलपुर क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने बताया कि पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर पहुंचते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे फूलपुर कस्बे में शोक का माहौल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)