UP: रायबरेली में छोटे भाई की हत्या का आरोपी बड़ा भाई गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

UP: रायबरेली के चौपुरा गांव में संपत्ति बंटवारे और घरेलू कलह ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। खाने को लेकर हुए विवाद और जमीन में हिस्सा न मिलने से खुन्नस खाए बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की ईंट से कूचकर नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे आरोपी भाई को हरचंदपुर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए भाई की हत्या पर गहरा अफसोस जताया है।

​मामला हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौपुरा गांव का है। यहां का निवासी रवि चौधरी (31) एक निजी स्कूल में बस परिचालक (कंडक्टर) के पद पर तैनात था। परिवार की माली हालत सुधारने के लिए वह दोपहर में ड्यूटी से लौटने के बाद चाट का ठेला भी लगाता था। बुधवार की सुबह रवि रोजाना की तरह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे बड़े भाई अनूप चौधरी ने उसे रोक लिया। रवि अभी कुछ समझ पाता, इससे पहले ही अनूप ने उस पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने से रवि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Also Read: UP: रायबरेली में सनसनीखेज वारदात, बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की

​घटना के बाद मृतक की मां लक्ष्मी देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनूप के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह को सटीक सूचना मिली कि आरोपी गांव के पास ही कहीं छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी अनूप को धर दबोचा।

​कड़ाई से की गई पूछताछ में अनूप ने बताया कि घर में उसे सही से खाना नहीं दिया जाता था और संपत्ति के बंटवारे में रवि लगातार रोड़ा बन रहा था। इसी खुन्नस में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस की हिरासत में आने के बाद अनूप बिलख पड़ा और उसने कहा कि उसे अपने किए पर बेहद पछतावा है, उसे ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए था। थाना प्रभारी ने बताया कि कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)