UP: रायबरेली में सनसनीखेज वारदात, बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की

UP: रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौपुरा गांव में बुधवार को रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने सगे छोटे भाई के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

ड्यूटी के लिए निकले युवक पर रास्ते में हमला

जानकारी के मुताबिक, चौपुरा गांव निवासी रवि कुमार, स्वर्गीय शिव शंकर के पुत्र, रोजाना की तरह बुधवार सुबह अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि गांव से बाहर पहुंचते ही उनके बड़े भाई अनूप ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि अनूप ने ईंट से रवि के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

Also Read: बलिया में 23.5 लाख के तालाब पट्टे का खेल! 8 लाख में अवैध मछली शिकार का आरोप

गंभीर हालत में अस्पताल ले गए परिजन

हमले की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल रवि को जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, एम्स ले जाते समय रास्ते में ही रवि की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद हरचंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

ALSO READ: Gonda: बिना जानकारी खाते में छह लाख का लोन कर रकम निकालने वाला आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार सिंह के मुताबिक, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वारदात के बाद से आरोपी अनूप फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट की जाएगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं