UP: अन्ना जानवरों के आतंक से किसान बेहाल, मिनटों में चट कर जा रहे खड़ी फसल

UP: भीखनपुर गांव में अन्ना जानवरों के आतंक से किसान बेहद परेशान हैं। आवारा पशुओं के झुंड खेतों में घुसकर कुछ ही देर में खड़ी फसल को बर्बाद कर दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि दिन-रात मेहनत करने और हजारों रुपये खर्च करने के बाद तैयार हुई फसल को बचाना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों विक्कु, अरुण, श्याम सुंदर, संतोष, हरिओम, विपिन समेत अन्य किसानों ने बताया कि अन्ना जानवरों के झुंड लगातार खेतों में पहुंच रहे हैं। पशु बाजरा, सब्जियों समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल बचाने के लिए किसान रात-दिन खेतों के आसपास डेरा डालकर रखवाली करने को मजबूर हैं। कई किसान बारी-बारी से रात में खेतों की निगरानी कर रहे हैं।

Also Read: UP: 43 लाख की जमीन धोखाधड़ी में वांछित आरोपी गिरफ्तार, रुपये मांगने पर दी थी जान से मारने की धमकी

किसानों के मुताबिक पशुओं को खेतों से भगाना भी आसान नहीं है। झुंड में आने वाले पशुओं को रोकने के प्रयास में किसानों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है। लगातार फसल बर्बाद होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि एक ओर खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर अन्ना जानवर उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अन्ना जानवरों को पकड़वाकर गोशालाओं में पहुंचाने और फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)