UP: किराना दुकान के बाहर से रिफाइंड तेल की टीन चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

जसवंतनगर: किराना गली स्थित विधिचंद जैन किराना स्टोर के बाहर रखी रिफाइंड तेल की टीनों में से बाइक सवार दो युवक एक टीन चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना सामने आने के बाद दुकानदार ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

दुकानदार श्वेतांग जैन ने बताया कि बुधवार सुबह दुकान पर माल आया था। माल को दुकान के बाहर रखा गया था। इसी दौरान वह दुकान की चाबी लेने के लिए कुछ देर के लिए घर चले गए। बताया गया कि उनके जाते ही बाइक सवार दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे। आसपास किसी के न होने का फायदा उठाकर युवकों ने रिफाइंड तेल की एक टीन उठाई और उसे मोटरसाइकिल पर रख लिया।

Also Read:उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

इसके बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब दुकानदार वापस दुकान पर पहुंचे तो उन्हें रिफाइंड तेल की एक टीन गायब मिली। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई।

सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दोनों युवक टीन ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दुकानदार ने फुटेज के आधार पर पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में भी चोरी को लेकर चिंता का माहौल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)