UP: बेटी के साथ मारपीट और उसके हाथ में चोट लगने की घटना के अगले ही दिन 45 वर्षीय पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पैलानी थाना क्षेत्र के साड़ी गांव में बीती रात युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। पशुबाड़े में शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। साड़ी गांव निवासी भवानीदीन निषाद पुत्र दर्शन निषाद (45) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
जानिए क्या है पूरा मामला?
परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले भवानीदीन ने नशे की हालत में अपनी बेटी के साथ मारपीट की थी, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई थी। इसके बाद घर में विवाद की स्थिति बन गई। मृतक के भाई रंजीत निषाद ने बताया कि घटना के बाद भवानीदीन काफी परेशान था और उसने दिन-रात खाना नहीं खाया। वह रोज की तरह पशुबाड़े में सोने चला गया।
ALSO READ: Raebareli: हरचंदपुर में चेक डैम में मिला अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, इसी दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसके पिता दर्शन निषाद को जानकारी हुई तो उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। हालांकि जहरीला पदार्थ खाने के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। भवानीदीन के परिवार में पांच बच्चे में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मजदूरी करके परिवार चलाने वाले भवानीदीन की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही खपटिहा चौकी इंचार्ज केपी सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

















































