UP: अदवा नदी में डूबा पिता का इकलौता बेटा, परिवार में मचा कोहराम, बांध का गेट खुलने से बढ़ा नदी का जलस्तर

मीरजापुर: जिले के हलिया थाना क्षेत्र स्थित अदवा नदी में बह जाने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी होते ही पूरे गांव परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी खुर्द गांव में शुक्रवार भोर अदवा नदी में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि युवक शौच के लिए घर से करीब 500 मीटर दूर नदी के किनारे गया था। इसी दौरान अदवा बांध का गेट खोलकर नदी में पानी छोड़े जाने से अचानक तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में आने से युवक बह गया।

Also Read: 3000 शराब की दुकानों का The End…राजस्व में ‘धुरंधर’ निकला आबकारी विभाग

घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अहुगी खुर्द गांव निवासी गौरी शंकर का इकलौता पुत्र अंकित कुमार (18) शुक्रवार सुबह करीब चार बजे शौच के लिए अदवा नदी की ओर गया था। इसी दौरान बांध का गेट खोले जाने से नदी में पानी का बहाव बढ़ गया। तेज धारा की चपेट में आने से अंकित बह गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बांध का गेट बंद कराया और नदी में तलाश शुरू की।

घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नदी किनारे युवक का शव दिखाई पड़ा। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

Also Read: UP: सड़क, बिजली, बाढ़ और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रभारी मंत्री ने कसी अधिकारियों की नकेल, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

अंकित अपने पिता गौरी शंकर का इकलौता बेटा था और चार बहनों का अकेला भाई था। वह अविवाहित था। उसकी मां शिवकुमारी की करीब एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत से पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक की नदी में डूबने से मौत हुई है। शव के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )