UP: जर्जर 102 एंबुलेंस में अचानक लगी आग, सीएचसी परिसर में मची अफरा-तफरी

UP: हाथरस के सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी परिसर में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लंबे समय से खड़ी एक जर्जर 102 एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते एंबुलेंस से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। आग की सूचना मिलते ही सीएचसी परिसर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।

स्वास्थ्य कर्मियों ने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी, लेकिन उस समय दमकल की गाड़ी सहपऊ में होने के कारण तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सकी। इधर, जिस एंबुलेंस में आग लगी थी, उसके ठीक बगल में एक और पुरानी एंबुलेंस खड़ी थी। आग बढ़ने पर दूसरी एंबुलेंस के भी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया।

Also Read: UP: सहारनपुर में मचा हड़कंप! स्टार पेपर मिल में गैस रिसाव और आग की सूचना, दौड़ीं टीमें

स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने फायर सिलेंडर का इस्तेमाल किया और पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। कई स्वास्थ्यकर्मी सामूहिक रूप से आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और पास में खड़ी दूसरी एंबुलेंस को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

हालांकि, आग लगने वाली 102 एंबुलेंस पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि समय रहते स्वास्थ्य कर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए, जिससे आग परिसर में अन्य वाहनों या भवनों तक नहीं फैल सकी। रविवार शाम हुई इस घटना की पूरी जानकारी सीएचसी कर्मियों ने दी। फिलहाल एंबुलेंस में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद सीएचसी परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)