Saharanpur: गंगोह रोड स्थित श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की म्हाड़ी पर आज छड़ी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से संगतें यहां पहुंचती रहीं। श्रद्धालु हाथों में नीले निशान और छड़ियां लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निशान चढ़ाए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाए।
जानिए क्या है पूरा मामला?
इस मेले में नेजा और 26 छड़ियां शोभायात्रा के साथ म्हाड़ी तक पहुंचीं। तीन दिवसीय मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।श्रद्धालुओं का कहना है कि गोगा जी महाराज की म्हाड़ी से उनकी आस्था वर्षों से जुड़ी हुई है। कई परिवार ऐसे हैं, जो पीढ़ियों से इस मेले में शामिल होते आ रहे हैं। परिवार के बुजुर्गों के बाद अब नई पीढ़ी भी इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रही है। श्रद्धालु शिवा पालीवाल ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से गोगा जी महाराज के मेले में आ रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 20-25 वर्षों से वह लगातार यहां पहुंच रहे हैं। मेले में बड़ी संख्या में लोग अपनी मनोकामना लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में पहुंचकर उन्हें शांति की अनुभूति होती है और वह देश-दुनिया में सुख-शांति की कामना करते हैं।उन्होंने बताया कि मेले में कुछ श्रद्धालु रात से ही पहुंचने लगते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार बाबा को प्रसाद व भेंट चढ़ाते हैं। भीड़ के बावजूद व्यवस्था में सहयोग करते हुए श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए।वहीं श्रद्धालु नेहा पालीवाल ने बताया कि वह भी लंबे समय से गोगा जी महाराज की म्हाड़ी पर आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में आकर उन्हें खुशी और शांति मिलती है और वह परिवार की सुख-शांति की कामना करती हैं।मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ को देखते हुए निगरानी बढ़ाई गई है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।तीन दिन तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।



















































