UP: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। पुलिस विभाग में तैनात कर्मचारी की पहली पत्नी ने दावा किया है कि उसके पति ने वैधानिक रूप से विवाह समाप्त किए बिना दूसरी शादी कर ली। महिला ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस महानिदेशक (DGP) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को भेजते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विवाह विच्छेद नहीं होने का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसका विवाह 26 मई 2002 को हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहे, लेकिन बाद में पारिवारिक विवाद उत्पन्न हो गए। महिला का कहना है कि अब तक किसी सक्षम न्यायालय ने उनके विवाह को समाप्त करने संबंधी कोई आदेश पारित नहीं किया है और कानूनी रूप से उनका वैवाहिक संबंध आज भी कायम है।
Also Read: इटावा: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, वांछित आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
सेवा नियमों के उल्लंघन का आरोप
महिला का आरोप है कि वैधानिक तलाक के अभाव में उसके पति ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया। उसका कहना है कि यदि जांच में यह आरोप सही पाया जाता है तो मामला न केवल हिंदू विवाह अधिनियम और भारतीय कानूनों के उल्लंघन का होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के आचरण नियमों का भी गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।
सीएम, डीजीपी समेत कई अधिकारियों को भेजी शिकायत
पीड़िता ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक (DGP), पुलिस आयुक्त लखनऊ, पुलिस अधीक्षक फतेहपुर, पुलिस अधीक्षक बांदा और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी है। उसने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
Also Read: 46 दिन में मिला इंसाफ….बलिया में बेटी से दुष्कर्म के दोषी पिता को आजीवन कारावास
साक्ष्य उपलब्ध कराने की कही बात
महिला का दावा है कि उसके पास विवाह से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित हैं। उसने कहा है कि जांच एजेंसी या संबंधित अधिकारी जब भी अभिलेख मांगेंगे, वह सभी प्रमाण उपलब्ध कराएगी और जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगी। फिलहाल शिकायत के आधार पर संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )


















































