UP: रायबरेली में त्योहारों और रोजमर्रा की खपत के बीच मीठे के शौकीनों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को सलोन तहसील के करहिया बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची भारी-भरकम टीम ने ‘प्रमोद स्वीट हाउस’ के गोदाम पर अचानक धावा बोल दिया। छापेमारी की इस सनसनीखेज कार्रवाई से इलाके के अन्य मिठाई विक्रेताओं में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और कई दुकानदार अपनी शटर गिराकर मौके से खिसक गए।
गोदाम में मिला ‘मीठा जहर’, 878 किलो छेना जब्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों- अभय प्रताप सिंह, उदय राज मौर्य, महेंद्र कुमार यादव, कंचन लता तिवारी और सुमांशु सचान की संयुक्त टीम ने करहिया बाजार स्थित प्रमोद स्वीट हाउस के गोदाम की घेराबंदी की। जांच के दौरान गोदाम के भीतर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। टीम ने मौके से भारी मात्रा में रखे छेना मिठाई के सैंपल जांच के लिए संग्रहित किए। इसके साथ ही, गुणवत्ता पर गंभीर संदेह होने के चलते कुल 1,58,000 रुपये मूल्य की 878 किलोग्राम छेना मिठाई को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। प्रतिष्ठान और गोदाम में साफ-सफाई व भंडारण संबंधी कई गंभीर खामियां भी पाई गईं, जिस पर टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की है।
मिलावटखोरों की अब खैर नहीं: सहायक खाद्य आयुक्त
इस बड़ी कार्रवाई के संबंध में सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी भी व्यापारी को नहीं दी जाएगी। सलोन तहसील के करहिया बाजार में प्रमोद स्वीट हाउस पर की गई कार्रवाई इसी अभियान की एक कड़ी है। सीज किए गए छेना मिठाई के नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































