UP: सीतापुर में पैन कार्ड बनाने के नाम पर आधार से धोखाधड़ी, फर्जी सिम और बैंक खाते खोलने वाले गिरोह का भंडाफोड़!

UP: सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र में पैन कार्ड बनवाने के नाम पर ग्रामीणों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते खोलने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को ग्राम खुर्शीदाबाद के ग्रामीणों ने पैन कार्ड बनाने के नाम पर दस्तावेज जुटा रहे कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। थाना मिश्रिख पुलिस और साइबर टीम की पूछताछ में सामने आया कि हरदोई जिले के कुछ लोग ग्रामीणों से आधार कार्ड लेकर बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा रहे थे।

Also Read: रायबरेली में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी, 75 स्कूली गाड़ियों का निरस्त हुआ पंजीयन

जांच में करीब 65 से 70 ग्रामीणों के आधार और बायोमेट्रिक का उनकी जानकारी या सहमति के बिना इस्तेमाल कर सिम कार्ड और बैंक खाते खोले जाने की बात सामने आई है। एक ग्रामीण को अपने आधार नंबर से पहले से एयरटेल सिम जारी होने की जानकारी मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस ने करन कुमार, अभिषेक और हरिश्चन्द्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, पुराना रजिस्टर, पैन कार्ड बनाने की रसीद, तीन आधार कार्ड और स्टाम्प बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और खोले गए सिम व बैंक खातों की जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)