UP: सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस हिरासत से वारंटी आरोपी को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अवैध चाकू और दो डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 7 जून को थाना गंगोह पुलिस वारंटी अभियुक्त अफजाल उर्फ गोलू को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार करने ग्राम कुंडा कलां पहुंची थी। गिरफ्तारी के दौरान अफजाल के परिजनों और सहयोगियों ने पुलिस टीम का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें हेड कांस्टेबल परविंदर घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस हिरासत से अफजाल को छुड़ाकर फरार करा दिया।
Also Read: ’24 घंटे में 6 मुठभेड़, एक की मौत और कई घायल…’, यूपी पुलिस और STF का ताबड़तोड़ एक्शन
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मुखबिर की सूचना पर थाना गंगोह पुलिस ने अफजाल उर्फ गोलू, गुलजार और इस्तकार को ग्राम बेगीरुस्तम से दौलतपुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। अफजाल पर एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गुलजार पर जुआ अधिनियम और यूपी गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है, जबकि इस्तकार के खिलाफ लूट का मामला दर्ज है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पर हमला करने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































