UP: वाराणसी कैंट स्टेशन पर 1.95 करोड़ की सोने-हीरे की ज्वेलरी बरामद, दो युवक हिरासत में; आयकर विभाग कर रहा जांच

वाराणसी: कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे इंटेलिजेंस (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.95 करोड़ रुपये मूल्य की सोने, हीरे और अन्य कीमती आभूषणों की खेप बरामद की है। इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद ज्वेलरी और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर संयुक्त टीम नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 6-7 की ओर से आ रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से बड़ी मात्रा में सोने, हीरे और अन्य कीमती आभूषण बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.95 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में दोनों युवकों ने अपनी पहचान रौनक (23) और गौतम (24) के रूप में बताई। दोनों ने खुद को गुजरात के सूरत का निवासी बताया और कहा कि वे एक निजी ज्वेलरी कंपनी में कार्यरत हैं। उनका दावा है कि कंपनी द्वारा तैयार किए गए आभूषणों के सैंपल लेकर वे विभिन्न शहरों में व्यापारियों को दिखाने और ऑर्डर लेने का काम करते हैं। दोनों ने बताया कि वे इसी सिलसिले में जौनपुर जा रहे थे।

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

जीआरपी प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि दोनों के पास ज्वेलरी से संबंधित कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण बिना पूर्व सूचना या पर्याप्त सुरक्षा के ले जाए जाने को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसी कारण दोनों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू की गई।

पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है। आयकर विभाग की टीम बरामद ज्वेलरी, बिलों और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आभूषणों का परिवहन पूरी तरह वैध था या नहीं। साथ ही जौनपुर पुलिस से भी संपर्क कर संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियों का कहना है कि दस्तावेजों और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)