UP: सुल्तानपुर में गल्ला मंडी के व्यापारियों का प्रदर्शन, नगरपालिका अध्यक्ष पर गंभीर आरोप

UP: सुल्तानपुर गल्ला मंडी के व्यापारियों ने सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल के खिलाफ कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए करीब 500 करोड़ रुपये की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित मांगपत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।

व्यापारियों का आरोप है कि अमेठी बाड़ा गल्ला मंडी की नजूल संपत्ति से जुड़े मुकदमे में नगरपालिका परिषद की ओर से प्रभावी पैरवी नहीं की गई। उनका कहना है कि नोटिस दिए जाने के बावजूद मामले में पर्याप्त पैरवी नहीं होने के कारण 17 मार्च 2026 को एकतरफा आदेश से मुकदमा खारिज हो गया।

जौनपुर: एडेड कॉलेजों के शिक्षकों का फूटा गुस्सा, मानदेय बढ़ाने और सेवा विनियमित करने की मांग

व्यापारी मनीष साहू ने बताया कि गल्ला मंडी वर्ष 1930 से नगरपालिका को पट्टे पर है। उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल पर अपने पिता राम निवास अग्रवाल और बाबा विम्भर दयाल अग्रवाल के साथ मिलकर कथित रूप से कूचक्र रचने का आरोप लगाया। व्यापारियों का दावा है कि नगरपालिका और राज्य सरकार के खिलाफ दायर मुकदमे के दौरान संबंधित जमीन की रजिस्ट्री भी करा ली गई।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि करीब 500 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर आठ मंजिला इमारत बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने नगरपालिका के अधिवक्ता की भूमिका की जांच कराने, जमीन से जुड़े अभिलेखों को सुरक्षित रखने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ALSO READ: Saharanpur में कांग्रेसियों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की में जिलाध्यक्ष का फटा कुर्ता

मामले में जिलाधिकारी की ओर से व्यापारियों को आश्वासन दिया गया कि किसी भी व्यापारी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा। प्रदर्शन में गुरूमीत सिंह, ऋषि अग्रहरि, हरप्रीत सिंह, नीतू देवी अग्रहरि, जय किशन जायसवाल, सचिन जायसवाल, संतोष अग्रवाल, राम दुलारे, शम्भू और दिलीप कुमार अग्रहरि समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)