UP: वाराणसी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बच्चों ने दिखाई देशभक्ति की अनोखी झलक

UP: वाराणसी में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। लहुराबीर स्थित क्वीन्स इंटर कॉलेज से मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और लोगों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

हर घर तिरंगा अभियान को मिला उत्साह

प्रधानमंत्री के आह्वान पर आयोजित इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा। यात्रा में स्कूली बच्चों के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने तिरंगे के प्रति सम्मान जताते हुए स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बनाने का संदेश दिया।

Also Read: UP: 6 लाख में UPSSSC अभ्यर्थी को पास कराने की डील, नकल माफिया गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

स्वतंत्रता सेनानियों के किरदार में दिखे बच्चे

तिरंगा यात्रा में बच्चों का अलग अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा। कई बच्चे स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों की वेशभूषा में नजर आए। किसी ने सुभाष चंद्र बोस, किसी ने महात्मा गांधी, तो किसी ने भगत सिंह और रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण किया। बच्चों ने अपने किरदारों के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद किया।

एक साथ दिखी सामाजिक और धार्मिक एकजुटता

यात्रा में हिंदू, मुस्लिम समेत अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोगों ने एक साथ भाग लेकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। तिरंगा थामे लोगों ने देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। आयोजकों ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है।

Also Read: UP: स्कूल बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, फिटनेस-परमिट व इंश्योरेंस फेल मिलने पर 3 बसें जब्त

नई पीढ़ी को आजादी के इतिहास से जोड़ने की पहल

आयोजकों के मुताबिक तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और उसके नायकों से परिचित कराना भी है। बच्चों और युवाओं को यह समझाने का प्रयास किया गया कि देश की आजादी वर्षों के संघर्ष और असंख्य बलिदानों का परिणाम है। यात्रा के दौरान लोगों ने स्वतंत्रता के मूल्यों को सम्मान देने तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.