फतेहपुर: जाफरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर के बीच हुई मुठभेड़ से रुसिया रोड गोलियों की आवाज से गूंज उठा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अभियुक्त अमित कुमार उर्फ टेनी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 10/11 सितंबर की रात जाफरगंज थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रुसिया रोड पर बहद ग्राम डिघरुवा के पास पुलिस टीम का सामना 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर अमित कुमार उर्फ टेनी पुत्र स्वर्गीय अच्छेलाल निवासी डिघरुवा से हो गया।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हुई और जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने घायल बदमाश को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
Also Read: बंटवारे के विवाद में सगे भाइयों में खूनी संघर्ष, तीन घायल,चार पर मुकदमा दर्ज
तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना जाफरगंज में मुकदमा संख्या 152/2026 धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहले से दर्ज हैं 16 आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त अमित कुमार उर्फ टेनी एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ फतेहपुर जनपद के विभिन्न थानों के अलावा अन्य जनपदों में भी मुकदमे दर्ज हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार उसके आपराधिक इतिहास में कुल 16 अभियोग सामने आए हैं।अभियुक्त थाना जाफरगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 134/2026 में भी वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।



















































