UP: शादी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, सात गिरफ्तार

UP: आजमगढ़ में बरदह पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19,650 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र निवासी रामबिलाश ने बरदह थाने में तहरीर दी थी। बताया कि उसके पुत्र राजकुमार की शादी के लिए व्हाट्सऐप के जरिए लड़की का फोटो भेजा गया था। इसके बाद बंधवा महादेव मंदिर में राजकुमार की उक्त लड़की से शादी कराई गई। शादी के दौरान लड़की को नाक की कील और 80 हजार रुपये नकद दिए गए।

शादी के बाद राजकुमार लड़की को लेकर घर जा रहा था। आरोप है कि बंधवा मोड़ के पास लड़की के कथित पिता, भाई और मनोज ने उसे गाड़ी से उतार दिया और लड़की व रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में बरदह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

Also Read: UP: नौकरी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जिनकी शादी नहीं हो रही होती थी। महिला सदस्य को दुल्हन बनाकर उसका फोटो दिखाया जाता और शादी तय की जाती थी। मंदिर में शादी के दौरान गिरोह के अन्य सदस्य दुल्हन के पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर लड़के पक्ष का विश्वास जीतते थे।शादी के बाद रुपये, आभूषण और कपड़े लेकर लड़के पक्ष को विवाद या फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो जाते और सामान आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक इस घटना में गिरफ्तार महिला दुल्हन बनी थी। बजरंगी बिन्द और बहादुर उर्फ राजू ने दुल्हन के भाई तथा राजन विश्वकर्मा ने पिता की भूमिका निभाई थी। रामबिलाश और जय किशन उर्फ अजीत रिश्तेदार बनकर शादी में शामिल हुए थे।

शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बरदह पुलिस ने कोदहरा चौराहे पर घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों के पास मौजूद पांच पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में नकदी, मोबाइल फोन, आभूषण और कपड़े बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों में बजरंगी बिन्द, राजन विश्वकर्मा, बहादुर उर्फ राजू, रामबिलाश, जय किशन उर्फ अजीत तथा दो महिलाएं शामिल हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)