UP: जयसिंहपुर बार एसोसिएशन चुनाव आज, 74 मतदाता तय करेंगे आठ प्रत्याशियों का भाग्य

UP: सुल्तानपुर जिले के तहसील जयसिंहपुर में बार एसोसिएशन चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के आठ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शनिवार को 74 मतदाता करेंगे। मतदान सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बार एसोसिएशन सभागार में होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

चुनाव को लेकर बार एसोसिएशन सभागार में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए वर्तमान अध्यक्ष रविशंकर मिश्र और सचिव बृजेंद्र कुमार वर्मा को पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतदान के दौरान मतदाताओं की सुविधा और चुनाव प्रक्रिया की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Also Read: अमेठी: लेखपालों की कमी से 35 ग्राम पंचायतों में प्रमाण पत्रों का काम प्रभावित, ग्रामीण परेशान

अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता अनिल कुमार शुक्ला ‘नगवा’, अभयराज यादव और बब्बन प्रसाद मिश्र चुनाव मैदान में हैं। सचिव पद पर प्रदीप कुमार, प्रेम सागर पांडेय और भूपेंद्र सिंह के बीच मुकाबला है। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए राघवेंद्र दूबे और ओमप्रकाश वर्मा आमने-सामने हैं।

चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी थीं। प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ता मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे रहे। शनिवार को मतदान के बाद मतगणना शुरू होने से चुनाव परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है। सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)