बांदा: नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।दो मासूम भाइयों के अचानक लापता होने और बाद में घर के पास पानी के गड्ढे से उनके शव मिलने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।मामले में पुलिस की जांच के बाद अब पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है,जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक,बीती 30 सितंबर को नंदवारा गांव में दो सगे भाई अचानक लापता हो गए थे।दोनों बच्चों के दिखाई नहीं देने पर परिवार में हड़कंप मच गया।परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की और मामले की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलने के बाद नरैनी पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया।तलाश के दौरान पुलिस को घर के पास स्थित पानी के गड्ढे से दोनों मासूम भाइयों के शव बरामद हुए।दोनों बच्चों के शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।घटना को लेकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।मृतकों के पिता भईयाराम की तहरीर पर 1 अक्टूबर को नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की।
ALSO READ: UP: गोण्डा में चार मोबाइल और बाइक चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक फोन बरामद
एसपी के निर्देशन में पुलिस ने की कार्रवाई
एसपी पलाश बंसल के निर्देशन में नरैनी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक,पुलिस टीम ने पनगरा नहर पुलिया के पास हडहा-कबौली मार्ग से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानीदीन,उसके बेटे अखिलेश,पत्नी श्यामकली,लम्बरी उर्फ रामप्रसाद और सुरेन्द्र के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार सभी आरोपी नंदवारा गांव के निवासी हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।वहीं मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)














